पटना न्यूज डेस्क: पटना के बोरिंग रोड इलाके में सोमवार रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई। बदमाशों ने करीब सात राउंड फायरिंग की। मौके से पुलिस ने 7.65 एमएम के कारतूस और सात खोखे बरामद किए हैं। घटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के गौतम होटल के पास की बताई जा रही है, जहां देर रात तक हलचल बनी रहती है।
बुद्धा कॉलोनी थानेदार पल्लव के अनुसार, पुलिस ने अपने बयान पर 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सभी आरोपी सफेद रंग की कार में सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद चौराहा की ओर भाग निकले। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली है, हालांकि उसकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और अस्पतालों में पता लगाया जा रहा है कि कहीं कोई जख्मी इलाज के लिए तो नहीं पहुंचा।
घटना के समय आसपास की कुछ दुकानें खुली थीं, लेकिन गोलियों की आवाज सुनते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और वे शटर गिराकर भागने लगे। सड़क से गुजर रहे लोग भी सहम गए। गोलीबारी के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस की टीम जांच में जुटी है।